संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। महाराणा प्रताप राजकीय महाविद्यालय अंब के शारीरिक शिक्षा विभाग एवं स्पोर्ट्स एंड योग क्लब के संयुक्त तत्वावधान में टेबल टेनिस प्रतियोगिता का बुधवार को सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 16 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। परिणामों की घोषणा करते हुए प्रतियोगिता संयोजक डॉ. पवन कुमार पटियाल ने बताया कि लड़कों के वर्ग में प्रदीप कुमार ने प्रथम स्थान, विनय शर्मा ने द्वितीय स्थान तथा नवीन सूद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं लड़कियों के वर्ग में दिव्या सूद प्रथम, श्रेया तिवारी द्वितीय और देविका शर्मा तृतीय स्थान पर रहीं। समापन समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. दर्शन कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेताओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और खिलाड़ियों को नशे से दूर रहकर खेलकूद को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर प्रो. लेफ्टिनेंट अनिल वर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रतियोगिता की सफलता के लिए डॉ. पवन कुमार पटियाल एवं उनकी टीम को बधाई दी गई। यह प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच बनी, बल्कि महाविद्यालय में खेलकूद के माहौल को भी और अधिक प्रोत्साहित किया।