प्राचिका कंवर ने डीयू के कालिंदी कॉलेज में पाया दाखिला
सीयूईटी क्वालीफाई कर हुआ चयन, घनारी स्कूल में जश्न का माहौल
संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घनारी की मेधावी छात्रा प्राचिका कंवर ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) उत्तीर्ण कर दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित कालिंदी कॉलेज (महिला) में बीए (ऑनर्स) भूगोल पाठ्यक्रम में प्रवेश प्राप्त किया। इस उपलब्धि से विद्यालय में गर्व और खुशी की लहर है। वीरवार को आयोजित एक समारोह में प्रधानाचार्य ललित मोहन ने प्राचिका को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। प्राचिका ने बारहवीं कक्षा कला संकाय में 500 में से 424 अंक अर्जित किए थे। वहीं सीयूईटी में भी उन्होंने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर चयन सुनिश्चित किया। अपनी सफलता का श्रेय प्राचिका ने प्रधानाचार्य सहित शिक्षकों सतीश के.कालिया (अंग्रेजी), बलविंदर कुमार (राजनीतिक विज्ञान), तरुण ठाकुर (भूगोल), रविंद्र गुलेरिया (इतिहास) और विकास चंद शर्मा (अर्थशास्त्र) को दिया। प्राचिका के पिता रणजीत सिंह कंवर सहायक अभियंता के पद से सेवानिवृत्त हैं, जबकि माता कंचन कंवर गृहिणी हैं। उनकी बहन तानिका कंवर कनाडा में कार्यरत हैं। प्राचिका का सपना है कि वह आईएएस बनकर देश की सेवा करें।