बडूही (ऊना)। 132 केवी अंब–ऊना विद्युत लाइन पर रखरखाव कार्य के चलते सोमवार को सुबह 9 बजे से चौकीमन्यार विद्युत उपमंडल क्षेत्र के सभी गांवों में बिजली आपूर्ति बंद रही। हालांकि बोर्ड ने पहले शाम 5 बजे तक बिजली बहाल होने की सूचना दी थी लेकिन खबर लिखे जाने तक शाम 7 बजे भी कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी, जिससे लोगों को पूरा दिन परेशानियों का सामना करना पड़ा। लगातार 10 घंटे से अधिक समय तक बिजली न होने के कारण घरों में पेयजल की आपूर्ति प्रभावित रही। विद्युत उपकरण बंद रहने से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक दिक्कत हुई।
बिजली कटौती का असर दुकानदारों और छोटे कारोबारियों पर भी देखने को मिला। वेल्डिंग, आटा चक्की, फोटोस्टेट, कंप्यूटर सेंटर, सैलून और अन्य बिजली आधारित कारोबार दिनभर प्रभावित रहे, जिससे आर्थिक नुकसान भी हुआ। वहीं छात्रों को पढ़ाई और ऑनलाइन कार्यों में परेशानी झेलनी पड़ी, जबकि मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण डिस्चार्ज होने से लोगों का आपसी संपर्क भी प्रभावित हुआ। हालांकि शाम तक बिजली बहाल न होने से लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। क्षेत्रवासियों ने बोर्ड से भविष्य में लंबे शटडाउन की स्थिति में समय-समय पर अपडेट देने और कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।