ऊना के आरटीओ कार्यालय के पास सड़क पर पड़े गड्ढे । संवाद
बरसात के बीच बंद टारिंग का कार्य पड़ रहा लोगों की जान पर भारी
कुठार से वाया चंद्रलोक कालोनी व ऊना संतोषगढ़ मार्ग पर गड्ढों से परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले में जिस बारिश के डर से सड़क पर गड्ढों को भरने सहित टारिंग का कार्य रोक दिया गया है। हालांकि, बारिश तो हो नहीं रही, ऊपर से सड़क पर पड़े गड्ढों और खस्ताहालत सड़कों का कार्य रुकने से परेशानियां लोगों को उठानी पड़ रही हैं। यहां ऊना-संतोषगढ़ मार्ग पर कई स्थानों पर गड्ढे पड़ चुके हैं तो दूसरी ओर कुठार खुर्द, आरटीओ कार्यालय, महिला पुलिस थाना होते हुए ऊना जाने वाली सड़क की हालत भी दयनीय हो चुकी है। कुछ ऐसा ही पुराना होशियारपुर रोड का भी हाल है। यहां भी गड्ढों का होना रोज आवागमन करने वाले वाहन चालक लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। वहीं, रात के अंधेरे में भी दोपहिया वाहन चालक सड़क हादसों का शिकार बन रहे हैं। दूसरा बीते दिनों हल्की बारिश होने पर भी इन गड्ढों में भरा पानी परेशानियों का सबब बन रहा है।
वहीं, बुद्धिजीवियों में अरुण कौशल, गुरनाम, लेखराज आदि ने बताया कि लोक निर्माण विभाग बेशक बरसात के बीच टारिंग आदि का कार्य नहीं कर सकता, लेकिन मरम्मत कार्य कर गड्ढों से निजात दिलाएं। स्थानीय लोगों ने इन गड्ढों से कम से कम फौरी राहत के लिए लोक निर्माण विभाग से मांग की है, ताकि गड्ढों के बीच सफर करना थोड़ा राहत भरा हो सके। कुठार खुर्द से लेकर आरटीओ कार्यालय तक भी मार्ग गड्ढों के बीच है। दो किलोमीटर के मार्ग पर गड्ढे ऐसे हैं कि वाहन चालक चाहकर भी इनसे बचकर नहीं चल सकता है।
ऊना के आरटीओ कार्यालय के पास सड़क पर पड़े गड्ढे । संवाद