फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Una News: दौलतपुर बाजार के मुख्य चौक पर गड्ढों ने बढ़ाई परेशानी

Sun, 28 Jun 2026 07:10 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊना
विज्ञापन
विज्ञापन
दौलतपुर चौक (ऊना)। दौलतपुर बाजार के मुख्य चौक सहित कई स्थानों पर सड़क पर बने गड्ढों ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बाजार पहले से ही संकरा होने के कारण यहां दिनभर वाहनों की काफी आवाजाही रहती है। ऐसे में सड़क पर बने गड्ढों से यातायात प्रभावित हो रहा है और वाहन चालकों को हर समय सावधानी बरतनी पड़ रही है। सबसे हैरानी की बात यह है कि मुख्य चौक से करीब 100 मीटर की दूरी पर ही लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) का कार्यालय स्थित है लेकिन सड़क की बदहाल स्थिति लंबे समय से जस की तस बनी हुई है। रोजाना विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों का इसी मार्ग से आना-जाना होता है, फिर भी सड़क की मरम्मत की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
विज्ञापन


स्थानीय राजेश कुमार ने बताया कि सड़क पर बने गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढों से बचने के प्रयास में कई बार वाहन असंतुलित हो जाते हैं जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने बताया कि कई बार विभाग और प्रशासन को समस्या से अवगत करवाया गया लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है। व्यापारियों का कहना है कि खराब सड़क के कारण बाजार में अक्सर यातायात धीमा पड़ जाता है और जाम जैसी स्थिति बन जाती है। यदि बरसात शुरू होने से पहले सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो गड्ढों में पानी भरने से समस्या और गंभीर हो जाएगी तथा हादसों का खतरा भी बढ़ जाएगा। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि बरसात से पहले पूरे बाजार की सड़क की तत्काल मरम्मत करवाई जाए।

लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) एचजी कौशल ने बताया कि दौलतपुर बाजार की सड़क पर बने गड्ढों की समस्या विभाग के संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि बरसात से पहले मुख्य चौक सहित बाजार क्षेत्र के गड्ढों को भरने और आवश्यक मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर करवाया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें