मैहतपुर (ऊना)। डाक विभाग ऊना मंडल में डायरेक्ट एजेंट एवं फील्ड ऑफिसर बनने का अवसर प्रदान कर रहा है। ग्रामीण डाक जीवन बीमा तथा डाक जीवन बीमा के लिए कार्य करने के लिए विभाग ने आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन 15 मई शाम 5 बजे तक जमा करवाने अनिवार्य होंगे। ऊना डाक मंडल अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि डायरेक्ट एजेंट बनने के लिए आवेदनकर्ता की आयु 18 वर्ष से अधिक तथा शैक्षिक योग्यता मैट्रिक निर्धारित की गई है। इसी प्रकार फील्ड ऑफिसर के लिए कोई भी सेवानिवृत्त कर्मचारी जिनकी आयु 65 वर्ष से कम है, आवेदन कर सकते है। आवेदक को आवेदन के साथ चरित्र प्रमाण पत्र जो कार्यकारी दंडाधिकारी द्वारा जारी किया हो, तीन पासपोर्ट फोटो स्वयं पता लिखा लिफाफा, जिस पर 55 रुपये का डाक टिकट लगा हो, भेजना होगा। आवेदन के लिए फार्म नजदीक के डाकघर से प्राप्त किए जा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए अधीक्षक डाकघर ऊना से किसी भी कार्य दिवस पर संपर्क किया जा सकता है। आवेदक अपने आवेदन स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेज सकते हैं।