संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने गगरेट विधानसभा क्षेत्र में ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक के उद्घाटन पर वीरभूमि के पूर्व सैनिकों और स्थानीय नागरिकों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस पहल को पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिवारों की स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। अनुराग ठाकुर ने इस पॉलीक्लीनिक की स्वीकृति के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 11 वर्षों में भारतीय सेना के वीर जवानों और पूर्व सैनिकों के हित में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। उन्हीं निर्णयों की शृंखला में गगरेट विधानसभा क्षेत्र में ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक की स्थापना एक सराहनीय प्रयास है। उन्होंने बताया कि गत वर्ष पूर्व सैनिकों की मांग को ध्यान में रखते हुए उन्होंने रक्षा मंत्री से हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के भोरंज और गगरेट विधानसभा क्षेत्रों में टाइप-डी ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक की स्थापना की मांग की थी, जिसे राजनाथ सिंह ने सहर्ष स्वीकार किया। आज गगरेट में इस पॉलीक्लीनिक का उद्घाटन होना सभी के लिए गर्व और संतोष की बात है। इस पॉलीक्लीनिक से क्षेत्र के पूर्व सैनिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त होंगी और उन्हें इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने आगे कहा कि मैं इस उद्घाटन समारोह में व्यक्तिगत रूप से शामिल होना चाहता था, परंतु संसद के मानसून सत्र के कारण उपस्थित नहीं हो सका।