ऊना। वर्ष 2020-21 के लिए जिले के पांचों विधायकों ने प्राथमिकताएं तय कर दी हैं। विधायकों की इन प्राथमिकताओं में पेयजल स्कीमों व सड़कों का विस्तारीकरण करने को प्राथमिकता दी गई है।
गगरेट के विधायक राजेश ठाकुर ने पेयजल योजना में सुधारीकरण एवं विस्तारीकरण के तहत बबेहड़ व जोह पेयजल योजना को प्राथमिकता में शामिल गया है। नंगल जरियाला पेयजल योजना का विस्तारीकरण किया जाएगा। इसके अलावा लघु सिंचाई योजना के तहत गगरेट विस क्षेत्र के तहत सिंचाई योजना अमलैहड़, भंजाल, नलकूप नंबर 60, 95 कलोह, नलकूप मवाकोहलां व रायपुर का सुधारीकरण किया जाएगा। गगरेट विधान सभा क्षेत्र के तहत सड़क एवं पुलों के सुधारीकरण एवं विस्तारीकरण में संपर्क मार्ग मरवाड़ी से जोह वाया संधाणी स्वां नदी पर पुल का निर्माण एवं रायपुर संपर्क मार्ग का सुधारीकरण करने को प्राथमिकता में शामिल किया गया है।
चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक बलवीर चौधरी ने लघु सिंचाई योजना के तहत चिंतपूर्णी विस क्षेत्र में टकारला ट्यूबवेल, बेहड़ जसवां तथा नंदपुर में ट्यूबवेल नंबर 50, 53 और ठठल में ट्यूबवेल नंबर 69, 62 तथा कुठेड़ा खैरला में ट्यूबवेल का सुधारीकरण किया जाएगा। सड़कों एवं पुलों के विस्तारीकरण/सुधारीकरण की प्राथमिकता में चिंतपूर्णी विस क्षेत्र के मलौण अवारला से गिंडपुर मलौण व चौआर ग्राम पंचायत के तहत पल्लियां से बसंतपुर तक की सड़क का सुधारीकरण किया जाएगा।
ऊना सदर विधायक के सतपाल रायजादा ने अपर एवं लोअर अरनियाला गांव के लिए अलग से पेयजल योजना उपलब्ध करवाने के कार्य को प्राथमिकता में शामिल किया है। मैहतपुर और जखेड़ा गांव के लिए पेयजल योजना का विस्तारीकरण किया जाएगा। इसके अलावा लघु सिंचाई योजना के तहत गांव अबादा बराना व फतेहपुर में ट्यूबवेलों को सुधारीकरण होगा। नंगड़ा और जनकौर में खराब हुई सिंचाई योजनाओं को बदला जाएगा। इसके अलावा सड़क के विस्तारीकरण व सुधारीकरण में ऊना विस क्षेत्र के तहत रक्कड़ से झलेड़ा तक रिंग रोड बनाने व मलाहत में लिंक रोड तथा मैहतपुर से वाया बसदेहड़ा संतोषगढ़ तक सड़क का विस्तारीकरण किया जाएगा।
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि बंगाणा, धार, चमुक्खा, चमयाड़ी सिहना, डरोह सरोह, राजली, लठियाणी, जसाना लखरू, धमांदरी, संजोट पेयजल योजना को विस्तारीकरण किया जाएगा। औलिंडा से बीहड़ू सड़क की टारिंग, बौल से झंबर, नारी, टक्का व धमांदरी खड्ड तक सड़क बनाई जाएगी। इसके अलावा जगातखाना से अपर रायपुर तक वाया बरोटी घाट घरसवाड़ा तक सड़क का विस्तारीकरण किया जाएगा। टीएमबीडी से घग्ग, बगधार एवं भरारी माता मंदिर परोईयां तक सड़क का विस्तारीकरण कराया जाएगा।
नेता विपक्ष और हरोली के विधायक मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली विधानसभा क्षेत्र के तहत दुलैहड़, भदसाली क्षेत्र के भालुगढ़ एरिया एवं बालीवाल क्षेत्र के लिए अलग से पेयजल योजना शुरू करने को प्राथमिकता में डाला है। लघु सिंचाई योजना के तहत हरोली विस क्षेत्र के तहत हरोली के स्वां क्षेत्र एवं जननी, पोलियां, पूबोवाल एवं बालीवाल क्षेत्र के नई सिंचाई योजना को विधायक प्राथमिकता में शामिल किया गया है। सड़कों एवं पुलों के विस्तारीकरण में विधायक प्राथमिकता में हरोली विस क्षेत्र के तहत बाबा चरंगी नाथ आश्रम से पंजाब बार्डर जैजों वाया टिब्बियां एवं जनन पोलियां रोड एवं पोलियां से पूबोबाल तक सड़क का विस्तारीकरण किया जाएगा। इसके अलावा लोअर पंजावर से दौलतपुर चौक लिंक रोड एवं नगडौली पेट्रोल पंप वाया पंजावर गांव तक सड़क का विस्तारीकरण किया जाएगा।