फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बहुमत के बावजूद भाजपा फिर बैकफुट पर

Wed, 20 Jan 2016 07:07 PM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, ऊना
विज्ञापन
विज्ञापन
ऊना। जिला परिषद में बहुमत के बावजूद भाजपा चुनाव कक्ष तक पहुंचने की हिम्मत नहीं कर पाई। उधर, कांग्रेस के नेता भाजपा की रणनीति आंकने के लिए विश्रामगृह में ही डटे रहे।
विज्ञापन


चुनाव कक्ष तक एक भी सदस्य नहीं पहुंचा, जिसके चलते चुनाव अधिकारी ने चुनाव की अगली तारीख 30 जनवरी तय की है।

विश्वस्त सूत्रों की मानें तो कांग्रेस हरोली से विजयी ओबीसी महिला सुभद्रा कुमारी को अध्यक्ष बनाने के पक्ष में है, जिस पर भाजपा सहमत नहीं। चूंकि भाजपा के पास बहुमत में होने के बावजूद अध्यक्ष पद के लिए आरक्षित ओबीसी महिला नहीं। ऐसे में भाजपा कांग्रेस समर्थित सोमा देवी या अंजू बाला पर दाव लगाने की तैयारी में है। वहीं, उपाध्यक्ष के लिए भाजपा के लखवीर लक्खी तथा पंकज सहोड़ कतार में हैं। बेशक दोनों दल अपनी अपनी रणनीति बनाते रहे हों, लेकिन न तो कांग्रेस ने अध्यक्ष के चेहरे से पर्दा उठाया और न ही भाजपा ने उपाध्यक्ष के उम्मीदवार को ही बेनकाब किया। अध्यक्ष पद पर पेच के चलते जिला परिषद का चुनाव दोनों दलों ने टालने में ही भलाई समझी।
बुधवार को जिप अध्यक्ष व उपाध्यक्ष चुनाव के लिए सुबह से भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने विश्रामगृह में डेरा डालना शुरू कर दिया था। देखते ही देखते विश्रामगृह में सरगर्मियां तेज हो गईं।
विज्ञापन


विश्राम गृह का कमरा नंबर 16 कांग्रेस और डाइनिंग हॉल भाजपा की गतिविधियों का केंद्र बना रहा। दोनों दलों के नेता एक दूसरे की चाल भांपने में लगे रहे। कांग्रेस की कमान उद्योगमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री, वित्तायोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार व जिलाध्यक्ष एडवोकेट वीरेंद्र धर्माणी के हाथ नजर आई तो भाजपा के सिपाही प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती के दिशा-निर्देश पर चलते दिखे। इस मौके पर दोनों दलों के कई नेता हाजिर रहे, जिनमें कांग्रेस नेता राणा रंजीत सिंह, अशोक ठाकुर, गणेश ेदत्त भरवाल, संजीव सैनी, भाजपा नेता बलवीर बग्गा, सुशील कालिया, विजय चौधरी, यशपाल राणा, रामकुमार, अवतार घुग्गी, विनय आंगरा, राजकुमार पठानिया, बलविंद्र गोल्डी मौजूद रहे।
इनसेट
कांग्रेस समर्थकों में ये रहे हाजिर
इस अवसर पर कांग्रेस के खेमे में सात में से छह पार्षद मौजूद रहे। इनमें टब्बा वार्ड से बतौर आजाद जीते करुण शर्मा, सलोह वार्ड से सुभद्रा देवी, मुबारकपुर से सुलोचना देवी, टकारला से सोमा देवी, मोमन्यार से उर्मिला ठाकुर और भंजाल लोअर से रेणुका शर्मा मौजूद रहीं।
इनसेट
भाजपा के पाले में 9 पार्षद
चुनावी हलचल के दौरान भाजपा के खेमे में दस में से नौ सदस्य मौजूद रहे। इनमें बहडाला वार्ड से अनुराधा देवी, बसाल से सोम दत्त, ललड़ी से अनूप राणा, पालकवाह से लखवीर लक्खी, अंब से भूपेंद्र सिंह, चौकी खास से राजकुमार, धुंदला से इंदू बाला, अंबोटा से रमेश चंद हीर, संघनई से सुषमा रानी शामिल हैं।
इनसेट
चुनाव अब 30 जनवरी को : डीसी
जिला परिषद के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चुनावों में किसी भी जिला परिषद सदस्य के उपस्थित न होने के कारण जिला परिषद के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चुनाव स्थगित कर दिया गया है। डीसी अभिषेक जैन ने बताया कि अब जिला परिषद के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चुनाव 30 जनवरी को दोपहर एक बजे जिला परिषद भवन में होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें