संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिला पुलिस ने दड़ा सट्टा के खिलाफ अभियान चलाते हुए चार अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। इस कार्रवाई में चार आरोपियों को दड़ा सट्टा की पर्चियों और कुल 4,530 रुपये की नकदी के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना टाहलीवाल की टीम ने वीरवार शाम दुलैहड़ में कार्रवाई करते हुए जोगिंदर सिंह निवासी गांव पूबोवाल को 850 रुपये की नकदी और दड़ा सट्टा पर्ची के साथ गिरफ्तार किया। वहीं, चौकी संतोषगढ़ की पुलिस ने भारत भूषण निवासी संतोषगढ़ को छतरपुर ढाडा क्षेत्र से 910 रुपये की नकदी और सट्टा पर्ची के साथ पकड़ा। थाना सदर ऊना की टीम ने कोटला कलां में दबिश देकर सुरेश सैनी (निवासी अजनोली) को 1,230 रुपये की नकदी व सट्टा पर्ची के साथ गिरफ्तार किया। वहीं, थाना मैहतपुर की पुलिस ने वीरवार रात भटोली चौक के पास बलजिंद्र सिंह निवासी नेहरी खालसा को 1,540 रुपये की नकदी व सट्टा पर्ची के साथ काबू किया। एसपी अमित यादव ने बताया कि जिले में दड़ा सट्टा गिरोह के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि कई मामलों में सफलता मिली है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।