किसानों ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, आंदोलन को चेताया
सड़क से दूरी और भूमि की किस्म अनुसार सर्किल रेट निर्धारण की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। प्रदेश में भूमि के सर्किल रेट निर्धारण को लेकर किसानों ने नाराजगी जताई है। क्षेत्र के किसानों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को भेजे मांग पत्र में सर्किल रेट को अव्यवहारिक और जमीनी हकीकत से दूर बताया। ज्ञापन में कहा गया है कि सरकार ने सर्किल रेट को केवल दो श्रेणियों सड़क से 100 मीटर तक और उससे अधिक में बांटा है, जो उचित नहीं है। किसानों ने भूमि की किस्म के अनुसार दरें तय करने की मांग की है। बारानी भूमि के लिए 100%, बंजर के लिए 50% और खड़ैतर के लिए 25% सर्किल रेट की मांग की है। सड़क से दूरी के आधार पर चार श्रेणियां बनाने का सुझाव भी दिया गया है। इनमें 10 मीटर तक, 10 से 25 मीटर, 25 से 100 मीटर और 100 मीटर से अधिक शामिल है। किसानों ने मकान और दुकानों के स्ट्रक्चर रेट को भी अधिक बताते हुए एक समान और व्यावहारिक दर निर्धारित करने की मांग की है। राम किशन, तिलकराज, विपन कुमार समेत अन्य किसानों ने हस्ताक्षर कर यह पत्र मुख्यमंत्री को भेजा। राष्ट्रीय किसान संगठन के महामंत्री देशराज मोदगिल ने भी इसका समर्थन करते हुए सरकार से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। किसानों ने चेतावनी दी है कि समाधान न होने पर वे आंदोलन करेंगे।