चिंतपूर्णी में ढाबे में निरीक्षण करते पुलिसकर्मी। संवाद
चिंतपूर्णी पुलिस की टीम ने होटल और अन्य स्थानों पर जांचे सुरक्षा मानक
जिले के अन्य स्थानों पर नहीं दिखी पुलिस की अतिरिक्त सख्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
चिंतपूर्णी (ऊना)। दिल्ली में हुए धमाके के बाद ऊना जिला पुलिस भी सुरक्षा की दृष्टि से पूरी तरह सतर्क हो गई है। जिले के प्रमुख धार्मिक स्थल माता चिंतपूर्णी मंदिर में मंगलवार को सुरक्षा के कड़े प्रबंध देखे गए। चिंतपूर्णी थाना प्रभारी एएसआई राजेश कुमार, महेंद्र सोनी और ऋषभ की टीम ने क्षेत्र के होटलों में दबिश देकर गहन जांच की। श्रद्धालुओं को किराये पर दिए जा रहे कमरों में सुरक्षा मानकों के पालन की स्थिति का निरीक्षण किया गया।
एएसआई राजेश कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार की जा रही है ताकि किसी भी तरह की सुरक्षा चूक न हो। उन्होंने कहा कि चिंतपूर्णी मंदिर प्रदेश का एक प्रमुख धार्मिक स्थल है, इसलिए यहां की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
दूसरी ओर जिले के प्रवेश द्वार मैहतपुर, पंडोगा सीमा और गगरेट क्षेत्र में पुलिस सख्ती का अभाव नजर आया। यहां सामान्य दिनों की तरह ही गतिविधियां जारी रहीं। इसी तरह ऊना शहर में भी मुख्य चौक-चौराहों पर पुलिस की नियमित तैनाती तो रही, लेकिन आईएसबीटी ऊना और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष जांच या निरीक्षण नहीं किया गया। जबकि ऊना की दिल्ली से सीधी कनेक्टिविटी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने की जरूरत है, क्योंकि प्रतिदिन सैकड़ों वाहन दोनों दिशाओं में आवाजाही करते हैं। हाल ही में ऊना जिले में आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। फिरौती के मामलों में लॉरेंस गैंग से जुड़े नाम सामने आने के बाद जिला पहले से ही संवेदनशील माना जा रहा है। इस बीच, सोमवार शाम को दिल्ली में हुए धमाके ने देशभर में सुरक्षा एजेंसियों को चौकन्ना कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि फिलहाल ऊना में हालात शांत हैं और पुलिस हर तरह की अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखे हुए है। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में अवैध हथियार रखने वालों पर कार्रवाई की गई है और आने वाले दिनों में संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश जारी किए गए हैं।