ऊना। जिले में 23 अप्रैल को त्यूड़ी में शराब ठेके से लूट और फिर 25 अप्रैल मध्यरात्रि को बहडाला पेट्रोल पंप में लूट के प्रयास मामले में पुलिस ने 15000 रुपये की नकदी, तेजधार हथियार और टॉय गन (एयर गन) बरामद कर ली है। मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए दो आरोपियों की निशानदेही पर आरोपियों से जालंधर स्थित घर से हथियार व नकदी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार उक्त दोनों घटनाओं के आरोपी एक ही हैं। आरोपियों ने वारदात में टॉय गन, तेजधार हथियार फारसा का इस्तेमाल किया था। आरोपियों ने त्यूड़ी में शराब ठेके से करीब 35 हजार रुपये नकदी और शराब की बोतलें लूट ली थी। उनका एक साथी अभी भी पकड़ से बाहर है। उसकी तलाश के लिए पुलिस विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही है।
उधर पुलिस रिमांड पर चल रहे दो आरोपियों को पांच दिन के बाद दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा। आरोपियों की पहचान अनमोल दत्त पुत्र विजय कुमार निवासी संतोखपुरा, जालंधर और सुरजीत सिंह पुत्र बलवीर सिंह निवासी नकोदर, जालंधर के तौर पर हुई है। उन्होंने वारदात में स्कूटी व बाइक का इस्तेमाल किया था। बीते रविवार को पुलिस थाना सदर प्रभारी गौरव भारद्वाज की अगुवाई में आरोपियों को जालंधर से गिरफ्तार कर ऊना लाया गया था।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हथियार और नकदी बरामद कर ली है। पांच दिन की रिमांड के बाद शनिवार को आरोपी अदालत में पेश किए जाएंगे।