10720 रुपये नकदी और दड़ा सट्टा पर्ची पकड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिला पुलिस की ओर से दड़ा सट्टा के खिलाफ जिलेभर में कार्रवाई की गई। पुलिस ने सात स्थानों पर दड़ा सट्टा पर्ची के साथ 10720 रुपये की नकदी पकड़ी। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मंगलवार को पुलिस चौकी शहर ऊना की टीम ने नंगल-ऊना सड़क मार्ग पर बहडाला में आरोपी विजय कुमार निवासी गांव बहडाला जिला ऊना के कब्जे से दड़ा सट्टा पर्ची व 2580 रुपये के नोट बरामद किए। दूसरी कार्रवाई में थाना हरोली जिला ऊना की टीम ने मंगलवार शाम को लालूवाल में आरोपी राम पाल निवासी गांव बिदड़वाल तहसील हरोली से 2060 रुपये के नोट और दड़ा सट्टा पर्ची बरामद की। थाना टाहलीवाल पुलिस टीम ने दुलैहड़ में आरोपी चंदन कुमार निवासी गांव नंगल खुर्द के कब्जा से 740 रुपये के नोट व दड़ा सट्टा पर्ची बरामद की। इसके अलावा थाना मैहतपुर में रायपुर सहोड़ा में रेलवे फाटक नजदीक आरोपी रमीत सिंह निवासी गांव बसदेहड़ा जिला ऊना के कब्जे से 900 रुपये के करंसी नोट व दड़ा सट्टा पर्ची बरामद की। वहीं पुलिस चौकी संतोषगढ़ की टीम ने सनोली में आरोपी करन निवासी गांव बनगढ के कब्जे से 1140 रुपये के करंसी नोट व दड़ा सट्टा पर्ची बरामद की। उधर, थाना सदर ऊना की टीम ने अप्पर बसाल में आरोपी दरविंद्र सिंह निवासी गांव जरल कॉलोनी पंडोह जिला मंडी के कब्जे से 1030 रुपये के नोट व दड़ा सट्टा पर्ची बरामद की। थाना सदर ऊना की टीम ने कोटला कलां में गगनदीप शर्मा निवासी टक्का जिला के कब्जे से 2270 रुपये के करंसी नोट व दड़ा सट्टा पर्ची बरामद की।
पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि पुलिस अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए पूरी तरह सक्रिय है। कहा कि मंगलवार को दड़ा सट्टा के खिलाफ विभिन्न स्थानों पर दबिश दी।