ऊना। पुलिस टीम ने रविवार देर रात संतोषगढ़ नगर एवं मैहतपुर में सट्टा माफिया के ठिकानों पर छापा मारकर सट्टा माफिया को दबोच लिया। इस दौरान सट्टे में लगाए गए 6907 रुपये की राशि भी बरामद की। पुलिस ने पर्ची दड़ा सट्टा और नकदी कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
डीएसपी ऊना रमाकांत ठाकुर ने बताया कि पुलिस टीम ने रविवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए संतोषगढ़ एवं मैहतपुर बाजार में छापा मारा। इस दौरान मैहतपुर में एक दुकानदार के कब्जे पर्ची दड़ा सट्टा और सट्टे में लगाए हुए 6907 रुपये बरामद हुए। आरोपी दुकानदार की पहचान बलजिंद्र निवासी गांव नेरी खालसा तहसील अंब जिला ऊना के रूप में हुई है। पुलिस की अचानक कार्रवाई से क्षेत्र के सट्टा माफिया में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम की छापेमारी की सूचना मिलते ही संतोषगढ़ नगर के कई दुकानदार दुकानें बंद करके इधर-उधर भाग निकले। उधर, एएसपी विनोद धीमान का कहना है कि जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी ने लोगों से अपील की है कि अगर कहीं सट्टे एवं नशे का अवैध करोबार चल रहा है तो उसकी सूचना पुलिस को दें, सूचना देने वाले का नाम सार्वजनिक नहीं किया जाएगा।