ऊना। थाना सदर पुलिस की ओर से चुनावों को ध्यान में रखते हुए अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी कड़ी में गुप्त सूचना के आधार पर दो लोगों पर कार्रवाई की गई। इसमें दोनों आरोपियों के साथ 156 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस पोस्ट शहर ऊना की टीम गश्त और यातयात जांच के लिए पीरनिगाह रोड ऊना में रेलवे फाटक के पास मौजूद थी। इस दौरान गुप्त सूचना के आधार पर एक व्यक्ति की गाड़ी की तलाशी लेने पर उसके पास 120 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इस संदर्भ में उपरोक्त गाड़ी चालक निखिल कुमार निवासी दो ऊना के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।
वहीं एक अन्य मामले में पुलिस थाना सदर ऊना की टीम ने लालसिंगी में पुराना होशियारपुर रोड पर गुप्त सूचना के आधार पर एक व्यक्ति की गाड़ी की तलाशी ली। गाड़ी में 36 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने गाड़ी चालक राजीव ठाकुर निवासी जनकौर, तहसील और जिला ऊना के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऊना प्रवीण धीमान ने बताया कि चुनावों के बीच अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। बीते कुछ दिनों में शराब तस्करी के अधिक मामले प्रकाश में आए हैं। पुलिस सख्ती से जांच कर रही है।