ऊना पुलिस थाना के तहत गांव भड़ोलियां कलां में एक युवक ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर पीड़ित को परिजन उपचार के लिए ऊना अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। पुलिस ने मामले के संदर्भ में छानबीन शुरू कर दी है। युवक ने जहरीला पदार्थ किन कारणों के चलते खाया, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है।
जानकारी के मुताबिक भड़ोलियां निवासी एक युवक ने रविवार देर रात जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इसके चलते उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों को जैसे ही पता चला, वे उसे आनन-फानन में ऊना अस्पताल ले आए। बताया जा रहा है कि युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। उधर, सीएमओ ऊना डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि पीड़ित युवक को अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मामले को लेकर परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। अभी तक जहरीला पदार्थ खाने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। गौरतलब है कि जिले में आए दिन जहरीला पदार्थ खाने के मामलों में इजाफा हो रहा है। बीते रोज तीन लोगों ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। इनमें से एक युवक की मौत भी हो गई थी, जबकि दो लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। इस पर बुद्धिजीवी वर्ग ने चिंता व्यक्त की है।