ऊना शहर के पीएनजी कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को नहीं जाना पड़ेगा कार्यालय
पीएनजी प्रबंधन ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए शुरू की व्यवस्था
शहर में 5500 के करीब हैं पीएनजी उपभोक्ता, एसएमएस के जरिये आएगा बिल
आशुतोष डोगरा
ऊना। शहर में हजारों पीएनजी उपभोक्ताओं को अपने गैस कनेक्शन का बिल चुकाने के लिए कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पीएनजी प्रबंधन की तरफ से ऑनलाइन बिल जमा करवाने की प्रक्रिया को अगले माह से शुरू कर दिया जाएगा।
प्रबंधन ने इसके लिए सभी उपभोक्ताओं का ऑनलाइन डाटा अपडेट करना शुरू कर दिया है। साथ ही किस उपभोक्ता का कितना बिल बना है। इसकी जानकारी भी उपभोक्ता के मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से प्राप्त हो जाएगी।
ऊना शहर में करीब 5500 उपभोक्ताओं ने पीएनजी गैस कनेक्शन लिया है। इन उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए पीएनजी प्रबंधन ऑनलाइन माध्यम से बिलों का भुगतान करने की सुविधा शुरू करने जा रहा है। वर्तमान में पीएनजी उपभोक्ताओं को गैस कनेक्शन के बिल कंपनी के कर्मचारियों की तरफ से घरद्वार जाकर मुहैया करवाए जाते हैं। इसके बाद भुगतान के लिए भी लोगाें को कार्यालय का रुख करना पड़ता है। इस समस्या को दूर करने के लिए अब प्रबंधन नेट बैकिंग, यूपीआई, डेबिट और क्रेडिट कार्ड के माध्यम से भी जमा करवाने की सुविधा मिलेगी।
इस सुविधा के तहत उपभोक्ताओं को अब कार्यालय के चक्कर काटने से छुटकारा मिलेगा। इस सुविधा को शुरू करने के लिए उपभोक्ता काफी समय से मांग उठा रहे थे। जिस पर प्रबंधन अब अगले माह से इस सुविधा को शुरू करने जा रहा है। उपभोक्ताओं को हर माह एसएमएस के माध्यम से भी बिल तथा भुगतान की अंतिम तिथि का जानकारी मिला करेगी। जिसके लिए उपभोक्ताओं को अपना मोबाइल नंबर प्रबंधन के पास दर्ज करवाना होगा।
कोट्स
पीएनजी उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रबंधन लगातार प्रयास कर रहा है। आने वाले दिनों में उपभोक्ता ऑनलाइन माध्यम से बिल जमा करवा सकेंगे। इसके साथ ही बिल से संबंधित सारी जानकारी एसएमएस के माध्यम से भी मिलेगी।
-मयूर चोवटिया, क्षेत्रीय प्रबंधक पीएनजी ऊना