सांसद अनुराग ठाकुर ने किया स्टेशन का निरीक्षण
जनता को बेहतरीन सुविधा प्रदान करना है लक्ष्य : अनुराग
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक रूप से विकसित हो रहा अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन जल्द ही देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेलवे मंत्री की ओर से जनता को समर्पित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर सांसद अनुराग ठाकुर ने अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन परिसर में पौधरोपण किया और स्टेशन के नवीनीकरण कार्यों का निरीक्षण किया।
स्टेशन की मुख्य बिल्डिंग और प्रवेश द्वार को हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध मनाली स्थित माता हडिंबा देवी मंदिर की शैली में सजाया गया है, जिससे स्टेशन की वास्तुकला में स्थानीय सांस्कृतिक पहचान जुड़ी है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि इससे यात्रियों को न केवल एक सुंदर स्टेशन देखने को मिलेगा, बल्कि हिमाचल प्रदेश के पर्यटन को भी लाभ होगा।
यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर लिफ्ट, जनरल मीटिंग हॉल, वीआईपी एग्जीक्यूटिव लॉज, 12 मीटर चौड़ा फुटओवर ब्रिज रैंप और विकलांग यात्रियों के लिए तीन विशेष शौचालय बनाए गए हैं।
स्टेशन तक पहुंचने के लिए मुख्य सड़क से दो-लेन सड़क का निर्माण किया गया है और लगभग एक किलोमीटर तक स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की गई है। साथ ही पार्किंग क्षेत्र का विस्तार किया गया है, ताकि वंदे भारत ट्रेन से आने वाले यात्रियों को टैक्सी और गाड़ियों की पर्याप्त पार्किंग सुविधा मिल सके। अनुराग ठाकुर ने कहा कि अधिकतर कार्य अब पूरा कर लिया गया है।