संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थानाकलां में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर विद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की ओर से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण एक पेड़ गुरु के नाम अभियान रहा। इसके अंतर्गत विद्यार्थियों ने पौधरोपण कर अपने गुरुओं के प्रति श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया। छात्रों ने विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर भी प्रकाश डाला। पौधरोपण करते हुए विद्यार्थियों ने यह संकल्प लिया कि वे इन पौधों की देखभाल गुरु भक्ति की भावना से करेंगे। प्रधानाचार्य डॉ. हरदीप सिंह ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि गुरु केवल ज्ञान ही नहीं देते, वे जीवन को दिशा देने वाले प्रेरणा स्रोत होते हैं। प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा करना भी आज के समय की एक महत्वपूर्ण शिक्षा है। प्रभारी प्रवीण ने बताया कि यह गतिविधि न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक कदम है, बल्कि यह विद्यार्थियों में गुरुओं के प्रति कृतज्ञता की भावना भी जगाती है।