पेयजल कनेक्शन से किचन गार्डन की सिंचाई करने पर जब्द की गई पाइपें। स्रोत जागरूक पाठक
छह लोगों के खिलाफ जल शक्ति विभाग ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
गगरेट (ऊना)। गर्मी का मौसम शुरू होते ही पेयजल का दुरुपयोग शुरू हो गया। कई लोग पेयजल किल्लत से जूझ रहे हैं तो कुछ लोगों के लिए पेयजल कनेक्शन अपने किचन गार्डन की सिंचाई का साधन बन गए हैं। बुधवार को जल शक्ति विभाग के कर्मियों ने विकास खंड गगरेट की ग्राम पंचायत अंबोटा में पेयजल के दुरुपयोग के आधा दर्जन से अधिक मामले पकड़े हैं। जल शक्ति विभाग के अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल पेयजल कनेक्शन से पाइप लगाकर किचन गार्डन की सिंचाई कर रहे लोगों के पाइप जब्त किए गए हैं। अगर भविष्य में फिर ऐसा पाया गया तो पेयजल कनेक्शन प्लग होंगे।
जानकारी के अनुसार विकास खंड गगरेट की अंबोटा ग्राम पंचायत के वार्ड 10 में लगातार पेयजल किल्लत की शिकायत कुछ लोगों की ओर से की जा रही थी। इस पर बुधवार को जब विभागीय कर्मी इलाके की गश्त पर निकले तो पाया कि कुछ नलों में तो पानी की बूंद तक नहीं टपक रही थी। जबकि, कुछ घरों में पेयजल कनेक्शन से पाइप लगाकर किचन गार्डन की सिंचाई की जा रही थी। नियमानुसार पेयजल कनेक्शन से पाइप लगाकर सिंचाई नहीं की जा सकती। नियमों को ताक पर रखकर कुछ लोग गर्मी के मौसम में लगने वाली सब्जियों की सिंचाई में मशगूल थे। यही नहीं कई स्थानों पर तो पाइप सीधे पेयजल कनेक्शन से लगाकर किचन गार्डन में छोड़ रखे थे। विभागीय कर्मियों ने ऐसे छह घरों से पाइप जब्त किए हैं।
जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता पंकज कुमार का कहना है कि लोग गर्मी के मौसम में पेयजल सप्लाई सुचारु रखने में सहयोग दें और पेयजल कनेक्शन से सीधे सिंचाई न करें। उन्होंने कहा कि अभी तो सिर्फ ऐसा करने वालों के पाइप जब्त किए हैं, अगली बार ऐसे लोगों के पेयजल कनेक्शन ही प्लग कर दिए जाएंगे।