चिंंतपूर्णी मंदिर के बाहर पडे नरियल।संवाद
भरवाईं (ऊना)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था से खिलवाड़ हो रहा है। चिंतपूर्णी मंदिर में चढ़ाया जाने वाला नारियल का प्रसाद मंदिर के प्रवेश द्वार पर श्रद्धालुओं के पैरों में आ रहा है, लेकिन मंदिर प्रशासन इससे पूरी तरह अनजान बना हुआ है।
सावन मेले के दौरान मंदिर में चढ़ाए गए नारियल का ढेर प्रवेश द्वार पर लगा दिया गया है। मेला बीत जाने के बाद न तो इन नारियलों को यहां से उठाने की जहमत उठाई और न ही इन्हें श्रद्धालुओं में बांटने का प्रयास किया। वहीं, नारियलों को सही ढंग से उचित स्थान पर न रखने और पैरों में आने से श्रद्धालुओं में रोष है।
मंदिर में पहुंचे लुधियाना और जालंधर के श्रद्धालु गुरप्रीत, राम प्रकाश, अनिल, राजकुमार ने कहा कि माता के मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए नारियलों की इस तरह बेकद्री नहीं होनी चाहिए। पैरों के पास नारियल आने से श्रद्धालुओं का मंदिर प्रशासन के खिलाफ काफी रोष है। उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने कहा कि मंदिर के प्रवेश द्वार में जहां नारियल पड़े हैं, उन्हें वहां से हटवाकर उचित स्थान पर रखवाया जाएगा।