ऊना के पुराना बस अड्डा में प्रगतिशील हिमाचल-स्थापना के 75 वर्ष समारोह में प्रदेश सरकार की योजनाएं ?
- फोटो : Una
ऊना। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को ऊना विधानसभा क्षेत्र के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। इनमें 144.39 करोड़ रुपयेे लागत की 20 परियोजनाओं के लोकार्पण और 54.12 करोड़ रुपये की छह विकासात्मक परियोजनाओं के शिलान्यास शामिल हैं। जनसभा में उन्होंने ग्राम पंचायत नंगड़ां में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की घोषणा की।
उन्होंने राजकीय माध्यमिक पाठशाला भटोली और जलग्रां को राजकीय उच्च पाठशालाओं में स्तरोन्नत करने, राजकीय प्राथमिक पाठशाला लालसिंघी-1 और लालसिंघी-2 को राजकीय माध्यमिक पाठशालाओं में स्तरोन्नत करने की बात कही। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुठारकलां में विज्ञान कक्षाएं और क्षेत्र की एक अन्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में कॉमर्स कक्षाएं शुरू करने की भी घोषणा की।
इससे पहले 28.20 करोड़ रुपये लागत से निर्मित मातृ-शिशु स्वास्थ्य देखभाल केंद्र, 33.88 करोड़ रुपये लागत से निर्मित मिनी सचिवालय भवन, 11.05 करोड़ रुपये की लागत का औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भवन, मैहतपुर में 8.55 करोड़ रुपये की लागत का औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भवन, ऊना में 6.79 करोड़ रुपये की लागत से बने परिधि गृह समेत अन्य परियोजनाएं जनता को समर्पित की।
इस मौके पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर, एसआईडीसी के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार, विधायक बलबीर चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोहर लाल, निदेशक श्रम एवं रोजगार मंत्रालय डॉ. शिखा आनंद, भाजपा नेता राज कुमार, उपायुक्त राघव शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण धीमान मौजूद रहे।