दो घरों से 21.50 लाख की हुई है चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ूही (ऊना)। अंब उपमंडल के तहत आने वाली ग्राम पंचायत पंजोआ-लड़ोली और आसपास के क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। बीते दिनों चोरों ने दो घरों से करीब 21.50 लाख रुपये के गहने और नकदी पर हाथ साफ किया, जबकि तीसरे घर में सेंधमारी की कोशिश नाकाम रही। लगातार हो रही वारदातों से ग्रामीण दहशत में हैं। उनका कहना है कि पुलिस को जानकारी देने के बावजूद अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं।
जानकारी के अनुसार रशपाल पुत्र देवराज के घर से करीब 20 लाख रुपये के गहने और नकदी चोरी हुई है, जबकि चांद रानी पत्नी स्व. चमन लाल के घर से लगभग डेढ़ लाख रुपये का सामान उड़ा लिया गया। एक अन्य घर के ताले भी तोड़ने का प्रयास किया गया। ग्राम पंचायत प्रधान बलविंदर सिंह ने चोरी की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए ग्रामीणों से सतर्क रहने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कुछ अपरिचित लोग घूमते देखे जा रहे हैं। यदि किसी को कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत पंचायत प्रधान या स्थानीय प्रशासन को सूचित करें।
प्रधान ने कहा कि पहले के समय में गांवों में चोरी की घटनाओं के दौरान ग्रामीण सामूहिक रूप से ठीकरी पहरा लगाया करते थे। अब इस परंपरा को फिर से शुरू करने की आवश्यकता है, ताकि गांव की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा सके। ग्रामीणों ने भी इस सुझाव का स्वागत किया है और सामूहिक जागरूकता से सुरक्षा सुनिश्चित करने का संकल्प लिया है।
पेट्रोलिंग बढ़ाई, बाहरी लोगों पर रखी जा रही नजर
डीएसपी अंब वसुधा सूद ने बताया कि चोरी की घटनाओं के बाद क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है और संदिग्धों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। क्षेत्र में बसे बाहरी लोगों की जांच की जा रही है और बिना पंजीकरण किसी को भी पंचायत में ठहरने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मामलों की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।