टाहलीवाल में लोगों को संबोधित करते उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री। -स्रोत : डीपीआरओ
टाहलीवाल (ऊना)। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने टाहलीवाल में अग्निशमन चौकी का उद्घाटन करते हुए कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति निरंतर तेज हो रही है। उन्होंने टाहलीवाल नगर पंचायत को आवश्यक बजट उपलब्ध कराने की घोषणा करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास को प्राथमिकता देना है, न कि बेकार की बहसों में उलझना।
उन्होंने अपनी लगातार पांचवीं जीत का जिक्र करते हुए कहा कि जनता ही सबसे बड़ा न्यायाधीश है, जो अच्छा काम करता है, जनता उसे बार-बार चुनती है। जो लोग जनता की सेवा में नाकाम रहे, उन्हें जनता ने बार-बार नकारा। इस दौरान उन्होंने स्वां नदी के घालूवाल क्षेत्र में बनने वाले नए पुल की जानकारी देते हुए बताया कि इसके लिए केंद्र से 37 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है।
भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग विकास कार्यों पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें पुल की डीपीआर और बजट स्वीकृति की प्रक्रिया तक की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि हरोली में 13 डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम वाला अस्पताल संचालित हो रहा है, जिन लोगों को हमारे विकास से पेट में मरोड़ (तकलीफ) हो रही है, उन्हें वहीं जाकर अपना इलाज कराना चाहिए।
मुकेश अग्निहोत्री ने स्पष्ट किया कि हरोली में विकास का पहिया रुकने वाला नहीं है और सरकार निरंतर क्षेत्र के उत्थान के लिए बड़े कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि जनता ने पांच बार जनादेश देकर यह साफ कर दिया है कि वे किसके साथ खड़े हैं।