एबीवीपी ने प्रशासन को ज्ञापन सौंप कार्रवाई की उठाई मांग
चोर गिरोह की जल्द गिरफ्तारी मांगी, दिन और रात गश्त बढ़ाने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। शहर में बढ़ती चोरी और अपराधों ने जनता की नींद उड़ा दी है। खासकर बाइक चोरी की घटनाओं से लोग भय और असुरक्षा महसूस कर रहे हैं। बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ऊना इकाई ने एडीसी ऊना को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इकाई मंत्री सूर्य शर्मा ने कहा कि बाइक चोरी अब केवल रात तक सीमित नहीं, बल्कि दिन में भी भीड़भाड़ वाले स्थानों पर हो रही है। हाल ही में संतोषगढ़ से पढ़ाई करने आए एक छात्र की बाइक भी चोरी हो गई। उन्होंने इसे पुलिस प्रशासन की नाकामी बताते हुए कहा कि गिरोह अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। विद्यार्थी परिषद ने मांग की कि बाइक चोरी में शामिल गिरोहों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए, शहर के मुख्य चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और दिन-रात गश्त बढ़ाई जाए, ताकि जनता में सुरक्षा की भावना बनी रहे।