रोजाना औसतन दो से तीन लोग ही सुविधा का ले रहे लाभ
विभाग ने लोगों से सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने का किया आग्रह
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। आयुष विभाग की तरफ से जिला आयुर्वेदिक अस्पताल में शुरू की गई टेली मेडिसिन सुविधा का कम लोग लाभ उठा रहे हैं। ऐसे में विभाग अधिक से अधिक लोगों को सुविधा का लाभ उठाने के लिए जागरूक कर रहा है। जिला आयुर्वेदिक अस्पताल में सभी कार्य दिवस पर दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक संजीवनी एप के माध्यम का प्रयोग करते हुए चिकित्सकों से ऑनलाइन परामर्श प्राप्त करने की सुविधा मिल रही है। इसके लिए संजीवनी एप पर व्यक्ति को लॉगिन करके अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा करनी होती है। यह जानकारी ऑनलाइन होने के बाद सीधी चिकित्सकों के पास पहुंच जाती है। इसके बाद चिकित्सकों की ओर से दोपहर दो से चार बजे तक वीडियो कॉलिंग के माध्यम से उक्त व्यक्ति से बातचीत की जाती है तथा उसे स्वास्थ्य संबंधी परामर्श निशुल्क प्रदान किए जाते हैं लेकिन वर्तमान में औसतन रोजाना दो से तीन लोग ही इस सुविधा से जुड़ पा रहे हैं। ऐसे में विभाग ने लोगों से आग्रह किया है कि इस संजीवनी एप का प्रयोग करते हुए टेली मेडिसिन सुविधा का लाभ उठाएं। जिससे अधिक से अधिक लोगों को घर बैठे इस बेहतरीन सुविधा का लाभ मिल सके। बता दें कि टेली मेडिसिन सुविधा के लिए डॉ. श्वेता देवी, डॉ. संदीप कुमार, डॉ. अमनदीप सौंखला, डॉ. नीरज कुमार, डॉ. जागृति दत्ता विभिन्न कार्य दिवस पर लोगों को टेलीमेडिसिन के माध्यम से परामर्श देते हैं।
-
कोट्स
आयुष विभाग की तरफ से जिला वासियों के लिए टेली मेडिसिन की सुविधा शुरू की गई है। लेकिन अभी तक काफी कम संख्या में लोग इसका लाभ उठा रहे हैं। लोगों से अपील है कि वह संजीवनी आपका प्रयोग करते हुए इस सुविधा का लाभ जरूर उठाएं।
डॉ. विनय जसवाल, प्रभारी, जिला आयुर्वेदिक अस्पताल ऊना।