शहीद भगत सिंह मेमोरियल पब्लिक स्कूल हंबोली में मनाया वार्षिक समारोह
संवाद न्यूज एजेंसी
बडूही (ऊना)। उपमंडल अंब के शहीद भगत सिंह मेमोरियल पब्लिक स्कूल हंबोली में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर समारोह के अवसर पर उत्सवपूर्ण वातावरण में रंगा हुआ नजर आया, जिसमें विद्यार्थियों, अभिभावकों और गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाया। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और स्वागत गीत से हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने नृत्य, देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और लघु नाटिका के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया। उनकी रंगारंग प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने खूब तालियां बजाईं और बच्चों के आत्मविश्वास व प्रतिभा की सराहना की। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऊना संजीव कुमार भाटिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को शैक्षणिक, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पारितोषिक और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह स्पष्ट दिखाई दे रहा था। मुख्य अतिथि संजीव कुमार भाटिया ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को शहीद भगत सिंह के जीवन, त्याग और देशभक्ति से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भगत सिंह युवाओं के लिए आदर्श हैं और उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। बच्चों को उन्होंने नशों से दूर रहने, शिक्षा, खेल और अनुशासन को जीवन का आधार बनाने की प्रेरणा दी और कहा कि स्वस्थ और जागरूक युवा ही देश का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित कर सकते हैं।विद्यालय प्रबंधन और प्रधानाचार्य ने मुख्य अतिथि, अभिभावकों और सभी उपस्थितजनों का धन्यवाद करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनमें प्रतिस्पर्धा व आत्मविश्वास को बढ़ावा देते हैं।समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ विधिवत किया गया।