दौलतपुर चौक में हिम आंचल पेंशनर्स संघ की आम सभा में चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। हिम आंचल पेंशनर्स संघ खंड गगरेट की आम सभा मंगलवार को निजी होटल दौलतपुर चौक में संघ के अध्यक्ष राम पाल शर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में बड़ी संख्या में पेंशनर सदस्य उपस्थित रहे।
सभा में सरकार से आग्रह किया गया कि बुजुर्ग पेंशनरों के लंबित मेडिकल बिलों का शीघ्र भुगतान किया जाए। साथ ही, 2016 से दिसंबर 2021 तक के पेंशनरों को कोई भी भुगतान न मिलने पर चिंता व्यक्त की गई और इसके अतिशीघ्र समाधान की मांग उठाई गई।
पेंशनर्स संघ ने अपनी पुरानी मांगों को भी दोहराते हुए कहा कि 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूरी करने पर क्रमशः 5%, 10% और 15% भत्ता मूल वेतन में शामिल किया जाए। संघ ने बताया कि यह मांग लंबे समय से लंबित है और इसे सरकार द्वारा प्राथमिकता दी जानी चाहिए। सभा में मुख्यमंत्री की ओर से की गई घोषणा का स्वागत किया गया कि एक माह के भीतर सभी लंबित मेडिकल बिलों का भुगतान कर दिया जाएगा। संघ ने प्रेषित अधिकारियों से भी आग्रह किया कि आगामी बजट घोषणाओं में पेंशनरों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। बैठक में प्रदेश महासचिव ओमराज कंवर, प्रेस सचिव सतदेव पराशर, राज कुमार शर्मा, कुंदन लाल भारद्वाज, सतदेव कंवर, पृथ्वी चंद, कृपाल सिंह डढवाल, सुरेंद्र शर्मा, महावीर शर्मा, सुरेंद्र कुमार, तरसेम सिंह, कर्मचंद कौंडल, सुभाष चंद, मदन लाल शर्मा, तिलक राज सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।