ऊना डाकघर में 11 नवंबर को 10 से चार बजे तक लगेगा मेला
संवाद न्यूज एजेंसी
मैहतपुर (ऊना)। इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक ऊना शाखा की ओर से सभी पेंशनधारकों के लिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र मेला 11 नवंबर 2025 को मुख्य डाकघर ऊना में आयोजित किया जाएगा। मेले का उद्देश्य क्षेत्र के सभी पेंशनधारकों को डिजिटल माध्यम से जीवन प्रमाण पत्र बनाने में सहायता प्रदान करना है। बैंक के अधिकारी और कर्मचारी इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित रहकर पेंशनधारकों को जीवन प्रमाण पत्र बनाने की पूरी प्रक्रिया में मार्गदर्शन एवं सहायता प्रदान करेंगे। पेंशनधारकों से आग्रह है कि वे अपने आधार कार्ड, पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) नंबर, बैंक पासबुक और मोबाइल नंबर साथ लेकर आएं, ताकि प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी की जा सके। भारतीय डाक भुगतान बैंक का यह प्रयास वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनधारकों को बैंकिंग एवं डिजिटल सेवाओं से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। ऊना डाक मंडल प्रमुख भूपिंदर सिंह के अनुसार डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र मेला सुबह 10 बजे से अपराह्न चार बजे तक लगेगा।