हिम आंचल पेंशनर्स संघ बैठक के दौरान सदस्य।
- फोटो : Una
ऊना। जिला हिम आंचल पेंशनर्स संघ की बैठक वरिष्ठ नागरिक भवन में हुई। इसकी अध्यक्षता संघ के जिलाध्यक्ष राज कुमार शर्मा ने की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए हमेशा वित्तीय संकट का रोना रोती रही है, लेकिन माननीयों के वेतन-भत्ते बढ़ाने से क्या वित्तीय संकट पैदा नहीं हो रहा।
उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त वृद्धों को उनके हकों से वंचित रखा जा रहा है, लेकिन सरकार ने माननीयों के वेतन और भत्ते बढ़ाने में देर नहीं लगाई। उन्होंने कहा कि सरकार पेंशनर्स की समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। मांगों के पूरा होने की आस में कई पेंशनर्स की मौत हो चुकी है। राज कुमार शर्मा ने कहा कि पेंशनरों की लंबित मांग 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूरी करने पर मिलने वाले 5, 10 और 15 प्रतिशत भत्ते को बेसिक पेंशन में मर्ज किया जाए। संघ ने सरकार से मांग की कि लंबित मेडिकल बिलों का शीघ्र भुगतान किया जाए। इसके अलावा पेंशनर्स संघ ने 2003 के बाद नियुक्त सभी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन सेवा बहाल करने की मांग की है।
बैठक में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे संघ के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष रमेश भारद्वाज ने कहा कि पुराने चिकित्सा भत्ते के बिलों का शीघ्र निपटारा कर पंजाब की तर्ज पर यात्रा भत्ते दिए जाएं। बैठक में जिला कोषागार कार्यालय ऊना में अलमारियों की कमी को देखते हुए दो फुल साइज की अलमारियां उपलब्ध करवाने बारे भी विचार किया गया। बैठक में सचिव ओम राज कंवर, जिला महासचिव देसराज मेहता, रामपाल धीमान, शांति स्वरूप, रोशन लाल चौधरी, बीरवल कलसी, रामपाल शर्मा, सतपाल कालिया, मदन लाल, बलदेव धीमान, जयदेव बाली सहित अन्य भी उपस्थित थे।