ऊना। अजोली में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा 18 सितंबर की शाम करीब छह बजे हुआ। इस संबंध में अजोली निवासी वीरेंद्र कुमार ने पुलिस को बयान दर्ज करवाया है। शिकायतकर्ता वीरेंद्र कुमार के अनुसार वह अजोली में किराने की दुकान चलाता है। शाम करीब छह बजे उसे सड़क पर वाहन टकराने की आवाज सुनाई दी। बाहर आकर देखा तो एक बाइक सवार उसकी दुकान के बरामदे में गिरा हुआ था जबकि करीब 30 फुट पीछे नंगल की तरफ एक व्यक्ति सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा था। उसके नाक और मुंह से खून निकल रहा था और वह बेहोशी की हालत में था। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायल की पहचान अजोली निवासी बिहारी लाल के रूप में हुई। उसका बेटा राहुल और रोशन मौके पर पहुंचे और घायल को निजी वाहन से उपचार के लिए अस्पताल ले गए।
शिकायतकर्ता के अनुसार बाइक चालक ने पूछताछ में अपनी पहचान सचिन (19) निवासी जिला बस्ती, उत्तर प्रदेश के रूप में बताई। वीरेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि सचिन नंगल की ओर से तेज रफ्तार में बाइक चलाते हुए गलत दिशा में आया और बिहारी लाल को टक्कर मार दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय राणा ने बताया कि मामले की जांच जारी है।