बारिश होने पर उक्त स्थान पर जमा हो जाता है कीचड़
वर्तमान में पार्किंग की जगह कच्ची होने के चलते लोगों को करना पड़ता है दिक्कतों का सामना
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले लोगों को अब पक्की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी। अस्पताल प्रबंधन कच्ची पार्किंग स्थल पर पेवर ब्लॉक लगाने की प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। इस कार्य पर लगभग 13 लाख रुपये की लागत आएगी। इसके बाद लोगों को कीचड़ में वाहन पार्क करने की परेशानी से छुटकारा मिलेगा। अस्पताल प्रशासन बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ अन्य सहायक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए भी लगातार प्रयासरत है। प्रतिदिन जिलेभर से 600 से 700 मरीज ओपीडी में पहुंचते हैं, साथ ही तीमारदारों का आवागमन भी लगातार रहता है। ऐसे में मौजूदा पक्की पार्किंग कई बार पर्याप्त नहीं रहती, जिसके कारण लोगों को टीबी सेंटर के पास बने कच्चे और ऊबड़-खाबड़ क्षेत्र में वाहन पार्क करने पड़ते हैं। बरसात के समय यहां कीचड़ जमा होने से फिसलन का खतरा बढ़ जाता है और कई बार लोगों के कपड़े भी खराब हो जाते हैं। कच्चे रास्ते का उपयोग कई बार आपातकालीन वार्ड से पोस्टमार्टम के बाद शव को शवगृह तक ले जाने में भी किया जाता है, जहां असमान सतह होने के कारण दिक्कतें आती हैं। इन सभी समस्याओं के समाधान के लिए अस्पताल प्रबंधन जल्द ही कच्चे स्थान पर पेवर ब्लॉक बिछाने का काम शुरू करेगा।
कोट्स
पार्किंग की कच्ची जगह पर पेवर लगाने का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। इस पर लगभग 13 लाख रुपये खर्च होंगे। -डॉ. संजय मनकोटिया, चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल ऊना