पंडोगा (ऊना)। हरोली विधानसभा क्षेत्र के पंजावर गांव में चल रही गुरु रविदास हेल्प फाउंडेशन फुटबाल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रविवार देर रात को खेला गया। प्रतियोगिता में मुख्यातिथि के रूप में राष्ट्र सर्वोपरि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पुनीत मोदगिल ने शिरकत की। पहला सेमीफाइनल मुकाबला शाह क्लब खड्ड बनाम पंजावर रेड ए के मध्य खेला गया। इसमें पंजावर रेड टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शाह क्लब खड्ड को 2-0 से हराया। दूसरा सेमीफाइनल लायंस पंडोगा बनाम वाईएफसी नगनोली के मध्य खेला गया। दोनों टीमों में कड़ा मुकाबला देखा गया। वहीं अंतिम मिनट में लायंस पंडोगा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1-0 से विजय प्राप्त की। फाइनल मुकाबला लायंस पंडोगा बनाम पंजावर रेड ए के मध्य खेला गया। दोनों टीमों के बीच शानदार टक्कर देखने को मिली। अंत में पंजावर रेड ए 1-0 विजेता रही। इस अवसर पर मुख्यातिथि ने फाइनल मुकाबला जीतने वाली टीम को 11,000 रुपये की नकद राशि, नौ पंखे तथा ट्रॉफी दी। संवाद