बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा की ग्राम पंचायत डीहर में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां एक जीवित महिला को दस्तावेजों में मृत दर्शा दिया गया।
जानकारी के अनुसार कमला देवी पत्नी देवराज को पंचायत द्वारा जारी सूची में मृत दिखाया गया, जिसके चलते उनकी वृद्धा पेंशन बंद हो गई।
मामला तब सामने आया जब महिला को पेंशन नहीं मिली और जांच में यह गंभीर गलती उजागर हुई। संबंधित दस्तावेज में कई लाभार्थियों के नाम शामिल थे, जिनमें कमला देवी के नाम के आगे मृत दर्ज था।
महिला के पुत्र शिव दयाल शर्मा ने पेंशन बहाल करने की मांग की है। वहीं जिला कल्याण अधिकारी आवास पंडित ने मामले की जांच के निर्देश देते हुए कहा कि जल्द ही पेंशन बहाल की जाएगी।
पूर्व पंचायत प्रधान कृष्णा देवी ने इसे तकनीकी त्रुटि बताते हुए शीघ्र सुधार का आश्वासन दिया है। वहीं पीड़ित परिवार के सदस्यों ने इस मामले में कोताही बरतने वाले सभी लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई है।