गगरेट (ऊना)। पंचायतीराज चुनाव के बहाने लोगों के आपसी गिले शिकवे भी मिटने लगे हैं। वहीं, कोरोना संकट के चलते बनी दूरियां अब खत्म होने लगी हैं। चुनावी मैदान में उतरे उम्मीदवारों को रिश्तेदारियां भी याद आने लगी हैं। मतदाताओं को रिझाने के लिए अभी से ही उम्मीदवार नए-नए पैंतरे अपना रहे हैं।
चुनावी रण में उतरने वाले योद्धा अपनों को तो मिल ही रहे हैं, लेकिन बेगानों से भी गले मिलकर आशीर्वाद मांग रहे हैं। जैसे ही पंचायत चुनाव रोस्टर आया और उम्मीदवारी पक्की हुई। इसके बाद उम्मीदवार अपने आप को एक दूसरे का खास बताने लग पड़े और देखते ही देखते पुराने वाद विवाद, लड़ाई झगड़े सब धीरे-धीरे खत्म होने लग पड़े। कल तक जो आपस में बात नहीं कर रहे थे, आज वो एक दूसरे का प्रचार कर रहे हैं। पंचायत चुनाव के रंग में सामाजिक दूरी भी धीरे-धीरे समाप्त हो रही है। बहरहाल इस चुनावी समर में कोरोना महामारी से खुद को बचाए रखना भी एक भारी चुनौती है, लेकिन चुनाव प्रचार में लोगों से मिलना भी जरूरी है। उधर, क्षेत्र के प्रबुद्ध लोगों विजय भारद्वाज, राजिंद्र पिंटू, पूर्ण चंद, संजय शर्मा, राजीव, अरविंद, विजय लखनपाल आदि के अनुसार चुनाव में भाईचारे को बढ़ावा तो मिलेगा ही, लेकिन कोरोना से बचाव रखना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि पंचायतीराज चुनाव के लिए रोस्टर जारी होने के बाद रोचक चीजें देखने को मिल रही हैं। आने वाले समय में रोचकता और अधिक बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में उम्मीदवारों के मैदान में उतरने के साथ ही चुनावी पारा भी बढ़ेगा।