दौलतपुर चौक (ऊना)। नंगल जरियाला पंचायत में आयोजित ग्राम सभा की बैठक में नंगल जरियाला पंचायत को दो भागों में विभाजित करने को लेकर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया। वीरवार को 14वें वित्त आयोग और मनरेगा के बीच में समायोजन के अंतर्गत विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाने के लिए पंचायत प्रधान संतोष कुमारी की अध्यक्षता में ग्राम सभा बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में लोगों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। इससे आवश्यकतानुसार कोरम पूरा हो गया। सभा में विशेष तौर पर ग्रामीणों ने पंचायत का पुनर्गठन करने के बारे में प्रार्थना पत्र दिया था। ग्राम सभा में लोगों के विचार सुने गए और विस्तृत चर्चा के बाद ग्राम सभा क्षेत्र नंगल जरियाला को दो भागों में विभाजित करने के लिए सदस्यों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर दिया।
सचिव संदीप कुमार ने बताया कि प्रस्ताव को आगामी प्रशासनिक स्वीकृति के लिए जल्द ही भेजा जाएगा। इस मौके पर खंड समन्वयक पताशु राम ने लोगों को नशे के बारे में भी जागरूक किया और लोगों से अपील की, कि वो बच्चों पर नजर रखें और उन्हें अच्छी संगत में ही रखें। उन्होंने स्वच्छता पर भी लोगों को विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर पंचायत निरीक्षक अजय कुमार, उप निरीक्षक विजय कुमार, प्रधान संतोष कुमारी, बीडीसी सदस्य रमेश कु मार, सचिव संदीप कुमार, सभी वार्ड पंच सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
आखिर क्यों चाहते हैं लोग दो पंचायतें
सैनिकों के गांव से मशहूर नंगल जरियाला पंचायत पांच किलोमीटर के क्षेत्र में फैली है। लगभग 5,000 आबादी वाले गांव में 3000 वोटर हैं। 9 वार्ड वाली पंचायत में विकास की दृष्टि से गति देने के लिए ही लोग इसे दो भागों में विभाजित करना चाहते हैं। बताया जा रहा है कि लोग वार्ड नंबर 01, 02, 07, 08, 09 को लोअर नंगल जरियाला और वार्ड नंबर 03, 04, 05, 06 को अपर नंगल जरियाला पंचायत के रूप में चाहते हैं। इस बाबत अंतिम निर्णय पंचायती राज विभाग एवं प्रशासन के उच्चाधिकारियों को लेना है। आम जनता ने ग्राम सभा की बैठक में प्रस्ताव पारित कर दिया है।