थानाकलां (ऊना)। पंचायत समिति बंगाणा को आगामी सप्ताह में नया अध्यक्ष और उपाध्यक्ष मिलने की संभावना है। चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। दोनों प्रमुख दल भाजपा और कांग्रेस अपने-अपने दावे पेश कर रहे हैं।
पंचायत समिति बंगाणा में कुल 19 निर्वाचित सदस्य हैं। भाजपा नेता देवेंद्र भुट्टो का दावा है कि समिति में 14 सदस्य भाजपा के समर्थन में हैं, इसलिए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित है। दूसरी ओर कांग्रेस का कहना है कि उसके पास भी पर्याप्त समर्थन है और पंचायत समिति में कांग्रेस विचारधारा का ही अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुना जाएगा। दोनों दलों के दावों के बीच राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। संभावित चुनाव को लेकर सदस्यों के बीच लगातार संपर्क और बैठकों का दौर जारी है। हालांकि अंतिम फैसला चुनाव के दिन ही सामने आएगा कि पंचायत समिति की कमान किसके हाथ में जाती है।
नए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चयन के बाद क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का मानना है कि नए नेतृत्व को राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देनी चाहिए। फिलहाल भाजपा और कांग्रेस नेता दोनों अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं लेकिन पंचायत समिति बंगाणा की कमान आखिर किसे मिलेगी, इसका फैसला अब चुनाव परिणाम ही करेगा।