ऊना। अहमदाबाद से ऑक्सीजन प्लांट ऊना के पालकवाह पहुंच गया है। इस ऑक्सीजन प्लांट की क्षमता 500 एलपीएम है जोकि 90 से 100 बेड को कवर करेगी। इसकी कीमत करीब 75 लाख बताई जा रही है।
जून के पहले हफ्ते में संयंत्र शुरू हो जाएगा। इस प्लांट को लगाने के लिए अहमदाबाद से तकनीशियन कुछ ही दिनों में पालकवाह पहुंच जाएंगे। ऑक्सीजन प्लांट के स्थापित होने से गंभीर कोरोना संक्रमितों को हाई फ्लो ऑक्सीजन मिलेगी। जिले में इस समय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग व्यापक स्तर पर ऑक्सीजनयुक्त बेड के लिए प्रयास कर रहा है।
इस ऑक्सीजन प्लांट से जिले को काफी राहत मिलेगी और कोरोना संक्रमितों को यह प्लांट सांसें देगा। जिले में वर्तमान में मेकशिफ्ट अस्पताल पालकवाह में 86 ऑक्सीजन युक्त बेड हैं। डीसीएचसी हरोली में 45 बेड हैं। नंदा अस्पताल ऊना में भी व्यवस्था की गई है। ऑक्सीजन प्लांट से 100 ऑक्सीजनयुक्त बेड की संख्या बढ़ जाएगी। वहीं, मेकशिफ्ट अस्पताल पालकवाह के नोडल अधिकारी डॉ. संजीव धीमान ने बताया कि रविवार को ऑक्सीजन प्लांट के उपकरण पालकवाह पहुंच गए हैं। जिन्हें शिफ्ट किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि यह ऑक्सीजन प्लांट बेहद उपयोगी साबित होगा। निश्चित तौर पर इसके जरिये कोविड मरीजों की संख्या बढ़ने पर सुविधा मिलेगी। डीसी राघव शर्मा ने बताया कि जिले में हर स्तर पर कोविड मरीजों के लिए व्यवस्थाएं बढ़ाने के लिए प्रयास किया जा रहा है।