ऊना। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला पुलिस ऊना को बड़ी सफलता मिली है। एसआईयू टीम ने पुराना होशियारपुर रोड पर ख्वाजा मंदिर के समीप नाकाबंदी के दौरान एक ई-रिक्शा से तीन किलो से अधिक गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रविवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर ई-रिक्शा में सफर कर रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ख्वाजा मंदिर के पास नाकाबंदी की और ई-रिक्शा को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान आरोपी संजीव मेहतो निवासी बिहारीगंज, जिला मधेपुरा (बिहार) के बैग से 3.016 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है कि वह गांजा कहां से लाया था और इसकी सप्लाई कहां करनी थी। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। साथ ही आमजन से नशे से संबंधित गतिविधियों की सूचना देने की अपील की गई है।