राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ खंड अंब ने खोला मोर्चा
बोले- बिजली बिलों का भुगतान न होने से मीटर काटने के आ रहे नोटिस
संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ खंड अंब ने बीस से कम छात्रों वाले स्कूलों में एक शिक्षक एवं केंद्र मुख्य शिक्षक के पद को स्थानांतरित करने का विरोध किया है। संघ के खंड प्रधान जगदेव सिंह जग्गी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष यशपाल सोनी, महासचिव संजय धीमान, कोषाध्यक्ष सतीश कुमार, जिला कोषाध्यक्ष जगमोहन सिंह मनकोटिया, केशव सिंह, राजेश कुमार, रमन कुमार, दिनेश कुमार, इक्वाल रफी, पवन कुमार, शकुंतला कुमारी, माया देवी, रमेश कुमार और संजीव ने इसके खिलाफ मोर्चा खोला है। संघ का कहना है कि प्राथमिक पाठशालाओं में पिछले 5-6 वर्षों से प्री प्राइमरी की कक्षाएं चल रही हैं। आज तक नर्सरी अध्यापकों की नियुक्ति सरकार की ओर से नहीं की गई। बहुत सी पाठशालाएं एक अध्यापक के सहारे चल रही हैं। एक अध्यापक को आठ कक्षाएं पढ़ाना मुश्किल है। ऊपर से मिड-डे मील, समग्र शिक्षा आदि बहुत से कार्य अध्यापकों को करने पड़ रहे हैं। सर्वे के जो आदेश उपनिदेशक की ओर से किए गए हैं, संघ इसका भी कड़े शब्दों में विरोध करता है। इसमें केवल प्राथमिक शिक्षकों को ही नियुक्त किया गया है। संघ ने सरकार व विभाग से मांग की है कि शीघ्र बिजली बिलों का भुगतान किया जाए, क्योंकि बार बार बिजली बोर्ड की ओर से मीटर काटने के नोटिस दिए जा रहे हैं। इससे अध्यापक मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रहे हैं। संघ ने सरकार से पुरजोर मांग की है कि प्री प्राइमरी से पांचवीं कक्षा तक की आठ कक्षाएं हैं। इसलिए सरकार को अलग प्राथमिक निदेशालय का गठन किया जाना चाहिए ताकि प्राथमिक शिक्षा का ढांचा मजबूत हो सके।