ऊना। नागरिक अस्पताल बंगाणा में जल्द ही ऑपरेशन थिएटर (ओटी) की सुविधा शुरू होने जा रही है। इसके शुरू होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। छोटे-मोटे ऑपरेशन के लिए मरीजों को अब क्षेत्रीय अस्पताल ऊना या अन्य बड़े अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। अस्पताल प्रशासन ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं और जल्द ही अस्पताल भवन में ऑपरेशन के लिए आवश्यक आधुनिक उपकरण स्थापित किए जाएंगे।
नागरिक अस्पताल बंगाणा में लंबे समय से ऑपरेशन थियेटर की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसके चलते यहां आने वाले मरीजों को सर्जरी के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना, हमीरपुर या अन्य बड़े स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर करना पड़ता था। इससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर उपचार मिलने में भी दिक्कत होती है। आगामी दिनों में ऑपरेशन थियेटर शुरू होने से सामान्य सर्जरी, छोटे ऑपरेशन और कुछ जरूरी चिकित्सीय प्रक्रियाएं यहीं पर संभव हो सकेंगी। इससे मरीजों का समय और खर्च दोनों बचेंगे। बंगाणा क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से मांग थी कि नागरिक अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर की सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। इस दिशा में अब स्वास्थ्य विभाग द्वारा पहल की जा रही है। ऑपरेशन थियेटर के लिए स्थान चिह्नित किया जा चुका है और आवश्यक उपकरण स्थापित करने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी।
नागरिक अस्पताल बंगाणा में ऑपरेशन थियेटर की सुविधा शुरू करने के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। जल्द ही बंगाणा अस्पताल में लोगों को सुविधा मिलना शुरू हो जाएगी।
-डॉ. अशोक दरोच, कार्यकारी खंड स्वास्थ्य अधिकारी थानाकलां