ऊना। श्रम, रोजगार एवं विदेशी नियोजन विभाग, हिमाचल प्रदेश की ओर से विदेशों में रोजगार प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। इस संबंध में जिला रोजगार अधिकारी अक्षय शर्मा ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी विभाग की ओर से जारी किए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर गूगल फ़ॉर्म के माध्यम से अपना पंजीकरण कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि यह पंजीकरण भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। जब किसी विदेशी देश से कार्यबल की मांग प्राप्त होगी तो पंजीकृत अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता एवं कार्यानुभव के आधार पर उनके नामों पर विचार किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित देश के नियमों, शर्तों तथा कार्य की प्रकृति की जानकारी समय रहते प्रदान की जाएगी, ताकि वे पूरी तरह से तैयार रह सकें। शर्मा ने प्रदेश के युवाओं से आग्रह किया है कि जो भी युवा विदेशों में वैध, सुरक्षित एवं उपयुक्त रोजगार प्राप्त करने के इच्छुक हैं, वे शीघ्र अपना पंजीकरण सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में उन्हें इन अवसरों का लाभ मिल सके।