संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)। नंगल पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय एक झपटमार को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। जानकारी के अनुसार इस झपटमार ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर गांव निक्कू नंगल में अपनी बेटी के साथ एक्टिवा पर सवार होकर जा रही नसीम बेग का पर्स छीना था और फरार होने में सफल हुए थे। इसके अलावा इन लोगों ने ही नया नंगल से एक स्पलैंडर मोटर साइकिल भी चोरी किया था। इसकी पुष्टि डीएसपी कुलवीर सिंह ने प्रेसवार्ता के दौरान की। पत्रकारों से बात करते हुए डीएसपी कुलवीर सिंह ने कहा कि दो झपटमारों ने 10 फरवरी को गांव निक्कू नंगल के निकट एक मोटरसाइकिल पर सवार दो झपटमारों की ओर से एक्टिवा पर सवार होकर जा रही मां बेटी का पर्स झपटकर भाग गए थे। पर्स में 15 हजार की नकदी, एक मोबाइल और जरूरी कागजात थे। इस घटना की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। इसके आधार पर दीपक राणा निवासी फतेहपुर जिला (ऊना) को गिरफ्तार किया गया है। उससे एक चोरी का स्पलैंडर बाइक बरामद हुआ है। उन्होंने कहा कि आरोपी पर पहले भी चोरी का एक मामला दर्ज है। डीएसपी ने कहा कि इसका एक सहयोगी संजीव राणा अभी फरार है। उसे भी गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। इस मौके पर थाना प्रभारी राहुल शर्मा भी मौजूद रहे।