ऊना। पीजीआई सैटेलाइट सेंटर में बनने वाले एसटीपी (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) और इटीपी (इंफ्लूएंट ट्रीटमेंट प्लांट) को लेकर प्रदेश सरकार ने एक करोड रुपये की राशि मंजूर कर दी है। इसके बाद अब इन प्लांट का निर्माण कार्य अगस्त में शुरू कर दिया जाएगा।
इससे पीजीआई सैटेलाइट सेंटर के रुके पड़े काम को भी गति मिलेगी। बीते दिनों पीजीआई चंडीगढ़ के उपनिदेशक पंकज राय ने इस संबंध में ऊना दौरे के दौरान जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को प्लांट के कार्य को जल्द शुरू करने के निर्देश भी दिए थे। इसके बाद अब सरकार ने इस संबंध में बजट जारी कर प्रक्रिया शुरू कर दी है। बता दें कि इस प्लांट के निर्माण को लेकर करीब 6 करोड रुपये का बजट खर्च किया जाना है, जिसकी एक किस्त एक करोड़ रुपये जारी हो चुकी है। इसके अलावा शेष बजट भी जल्द ही जल शक्ति विभाग को मुहैया हो जाएगा।
जिला मुख्यालय के मलाहत के समीप पीजीआई सैटेलाइट सेंटर का निर्माण कार्य चल रहा है। पीजीआई प्रबंधन की तरफ से आगामी दिसंबर माह तक ओपीडी ब्लॉक का कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, लेकिन प्रदेश सरकार की तरफ से जल शक्ति विभाग की तरफ से बनाए जाने वाले एसटीपी-इटीपी प्लांट को लेकर बजट न मिलने से कार्य धीमा पड़ गया था। अब प्रदेश सरकार में ने इस मामले पर गंभीरता दिखाते हुए एक करोड़ का बजट जारी कर दिया है। इन दोनों प्लांट के माध्यम से अस्पताल में प्रयोग होने वाले पानी को भी ट्रीट किया जाएगा। इस प्लांट के बनने के बाद ही अस्पताल में डलने वाली सीवरेज लाइन और पेयजल पाइपलाइन को बिछाने का काम किया जाएगा। इस कार्य के पूरा होने के बाद ही अन्य निर्माण कार्य को मुकम्मल किया जा सकेगा।
कोट्स :
पीजीआई सैटेलाइट सेंटर में एसटीपी और इटीपी प्लांट को स्थापित करने के लिए एक करोड़ रुपये का बजट मिला है। प्लांट का निर्माण कार्य जल्द शुरू कर दिया जाएगा।
ई. नरेश धीमान, अधीक्षण अभियंता, जल शक्ति विभाग, ऊना