थानाकलां (ऊना)। उपमंडल बंगाणा के तहत ग्राम पंचायत सुकड़ियाल के गांव तूतडु में प्रवासी मजदूरों की डेढ़ साल की बच्ची वीरवार सुबह करीब 10:30 बजे लापता हो गई। परिजन काफी देर तक इधर-उधर ढूंढते रहे। वीरवार शाम 7:30 बजे के बाद में बच्ची पास में मसेह खड्ड में डूबी हुई मिली। फिलहाल घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
बेटी के पिता का नाम कुनाल कुमार व माता का नाम ममता कुमारी है। पिता कुनाल मजदूरी करते हैं और माता गृहिणी हैं। कुनाल निवासी मैदानी चौकी जिला लखीसराय, बिहार का रहने वाला है। वह काफी समय से तूतडु में रह रहा है। डूबने वाली बच्ची का नाम माहिरा है। बच्ची की मां ममता कुमारी के अनुसार बेटा-बेटी घर में ही खेल रहे थे। थोड़ी देर बाद बेटी गायब हो गई। उसे आसपास ढूंढने के बाद तकरीबन एक बजे के बाद पंचायत उपप्रधान को जानकारी दी गई। प्रधान ने मौके पर पुलिस को बुलाया। काफी देर ढूंढने के बाद बच्ची खड्ड में डूबी हुई मिली। घर से खड्ड की दूरी लगभग 500 मीटर के करीब है। शुक्रवार को फॉरेंसिक टीम के आने के बाद बच्ची को खड्ड से निकाला गया।
पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि मामले की जांच जारी है। बच्ची किन हालात में पानी के पास पहुंची, इसकी पड़ताल जारी है।