भरवाईं (ऊना)। संक्रांति के पावन अवसर पर सोमवार को मां चिंतपूर्णी के दरबार में श्रद्धालुओं की खूब चहल-पहल देखने को मिली। सुबह मंदिर के कपाट खुलने के साथ ही मां के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। दिन चढ़ने के साथ ही श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी होती रही और देखते ही देखते मंदिर परिसर सहित मुख्य मार्ग पर भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। सोमवार को 25 हजार से अधिक श्रद्धालु मां चिंतपूर्णी के दरबार में शीश नवाने पहुंचे। श्रद्धालुओं की भीड़ का आलम यह रहा कि पुराने बस स्टैंड से आगे तक भक्तों की कतारें लगी रहीं। श्रद्धालु लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार करते हुए मां के जयकारे लगाते नजर आए। संक्रांति के अवसर पर पंजाब, हिमाचल सहित अन्य राज्यों से भी काफी संख्या में श्रद्धालु मां के दरबार में पहुंचे और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर का कहना है कि 25 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। सुबह तीन बजे ही मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खोल दिए थे। लुधियाना सराय तक श्रद्धालुओं की माता के दर्शन करने के लिए कतारें लगी रहीं। वहीं होमगार्ड के प्लाटून कमांडर पूर्ण सिंह का कहना है कि होमगार्ड के 90 जवान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में सुरक्षा के दृष्टिगत तैनात किए गए हैं।