देवी-देवताओं के आगमन के साथ ही शहर ढोल-नगाड़ों और करनाल की धुनों से गूंज उठा
सुंदरनगर में पांच दिवसीय राज्य स्तरीय सुकेत देवता मेले का आज होगा आगाज
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर शहर 23 मार्च से 27 मार्च तक चलने वाले पांच दिवसीय राज्य स्तरीय सुकेत देवता मेले की तैयारियों में सज-धज गया है। देवी-देवताओं के आगमन के साथ ही शहर ढोल-नगाड़ों और करनाल की धुनों से गूंज उठा है, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और उल्लास की अनुभूति हो रही है। परंपरा के अनुसार देव माहूंनाग बखारी के चांबी पहुंचने पर रविवार को राज्य स्तरीय सुकेत देवता मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं एसडीएम अमर नेगी ने तहसीलदार अंकित शर्मा के साथ विधिवत पूजन कर देवता का स्वागत किया। इस अवसर पर बड़े देव कमरुनाग, देव बड़ायोगी, देव महासू, देव बाला कामेश्वर, देव माहूंनाग स्यांजी, देवी भगवती कामाक्षा, देव पुंडरिक, सत बाड़ा मझरोट आदि जनता को दर्शन देने के बाद अपने भक्तों के साथ रवाना हुए।
च्वासी नाग बने आकर्षण
इस बार मेले में पहली बार पधारे नाग सिद्ध च्वासी ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। उनके दर्शन के लिए रविवार को चांबी में लंबी कतारें लगी रहीं। करसोग के च्वासी गढ़ के देवता विष्णु के अवतार माने जाते हैं और इनका मंदिर करसोग के महोग में स्थित है। हालांकि, देवता चांबी से सुंदरनगर की ओर निकल चुके थे, लेकिन रास्ते में प्रशासन और कमेटी ने उनका भव्य स्वागत किया।
सोमवार को शुकदेव वाटिका से शोभायात्रा के साथ मेले का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। प्रशासन और सुकेत सर्व देवता कमेटी ने देवी-देवताओं के कारदारों की सुविधा के लिए सुरक्षा, भोजन और बैठने की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की है। कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अभिषेक सोनी ने बताया कि देव परंपरा के अनुसार देवी-देवताओं का स्वागत सुंदरनगर की सीमा चांबी में पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इस मौके पर बीडीओ धनोटू मनमोहन शर्मा, कमेटी के उपाध्यक्ष रोशन लाल, देवकी नंदन, जयराम, युधिष्ठिर समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।