खाद्य सुरक्षा विभाग की वार्षिक रिपोर्ट में खुलासा
2,080 किलोग्राम खोया, 237 किलोग्राम पनीर और 12 किलोग्राम देसी घी जब्त
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने इस वित्तीय वर्ष में कड़ी कार्रवाई अमल में लाई है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की ओर से 91 नमूनों की जांच की गई। इनमें से 20 मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। इनमें 2 असुरक्षित, 5 गलत ब्रांडिंग वाले, 10 निम्न गुणवत्ता वाले और 2 दोनों श्रेणियों में शामिल थे। खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर 80,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस बात का खुलासा विभाग की वार्षिक रिपोर्ट में हुआ। वहीं, दिवाली पर्व के दौरान खाद्य सुरक्षा अभियान के तहत 2,080 किलोग्राम खोया, 237 किलोग्राम पनीर और 12 किलोग्राम देसी घी जब्त किया गया। खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध कराई गई मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से अप्रैल से दिसंबर 2024 तक 100 नमूनों की जांच की गई। इनमें सभी नमूने खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरे उतरे। यह सुविधा दूध, तेल, जूस और पानी की मिलावट जांचने के लिए निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा लोगों को स्वस्थ और संतुलित आहार के प्रति जागरूक करने के लिए पहली दिसंबर 2024 को ऊना के रामलीला मैदान में ईट राइट मेला आयोजित किया गया, जिसमें उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस मेले में प्राकृतिक और जैविक खाद्य उत्पादों के साथ पारंपरिक व्यंजनों को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया गया।
बाक्स
खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता को बढ़ावा देने की पहल
फूड फोर्टिफिकेशन को लेकर सरकार की ओर से दूध, खाद्य तेल, आटा, चावल और नमक को विटामिन और खनिजों से समृद्ध करने की पहल की गई है ताकि लोगों को पोषणयुक्त आहार मिले। ऊना जिले में 3,518 लीटर उपयोग में लाए जा चुके पुराने खाद्य तेल का संग्रहण कर बायो डीजल उत्पादन के लिए भेजा गया। खाद्य व्यवसाय संचालकों के लिए खाद्य सुरक्षा पर्यवेक्षकों का अनिवार्य प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जा रहा है।
बाक्स
जन जागरूकता पर विशेष जोर
उपायुक्त जतिन लाल ने अधिकारियों को खाद्य सैंपल बढ़ाने के निर्देश दिए और मानकों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा। खाद्य विक्रेताओं और आम जनता को सुरक्षित व स्वच्छ खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए।