ऊना। जिला के उपमंडल अंब में अपने परिवार के साथ किराये के मकान में रह रही 14 वर्षीय बच्ची के साथ अश्लील हरकतें करने का मामला सामने आया है। इसी मकान में किराये पर रह रहे कांगड़ा निवासी युवक पर आरोप लगे हैं। पुलिस ने इस घटना के संबंध में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में नाबालिग की माता ने बताया कि देर रात उनकी बेटी नानी के साथ वॉशरूम तक गई। इसी बीच नानी वापस अपने कमरे में आ गई लेकिन बच्ची बाहर ही थी। इसी का फायदा उठाकर पास के कमरे में रहने वाले कांगड़ा जिला निवासी आरोपी ने नाबालिग के साथ अश्लील हरकतें करना शुरू कर दिया। बच्ची किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर तुरंत अपनी मां और नानी के पास पहुंची और इस घटना की जानकारी उन्हें दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार भाटिया का कहना है कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है।